Pages

Tuesday, 4 November 2014

इस्‍लाम कबूल नहीं करने पर वेश्‍यावृत्ति करवाने की धमकी देने वाला रकीबुल हसन खान गिरफ्तार

रांची - नकली हिंदू बनकर शादी करने और पत्नी तारा सहदेव को धर्म परिवर्तन के लिए प्रताड़ित करने के आरोपी रंजीत सिंह कोहली उर्फ रकीबुल हसन खान और उसकी मां कौशल्या रानी कोहली उर्फ कौसर परवीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। राष्‍ट्रीय स्‍तर की निशानेबाज (शूटर) तारा ने आरोप लगाया है कि रंजीत और उसकी मां उन्‍हें इस्‍लाम कबूल नहीं करने पर वेश्‍यावृत्ति करवाने की धमकी देते थे।
रांची और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात 10 बजे छापा मारकर दोनों को दिल्ली के सरोजनी नगर इलाके से गिरफ्तार किया। सिटी एसपी अनुप बिरथरे ने बताया कि रकीबुल के पास से लैपटॉप और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। दोनों को सरोजनी नगर थाने में रखा गया है। बुधवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिर ट्रांजिट रिमांड पर शाम 7:30 बजे विमान से दोनों को रांची लाया जाएगा।

एयरपोर्ट से गाजियाबाद सीमा तक घेराबंदी

रकीबुल की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी और सिटी एसपी ने रांची पुलिस की एक टीम बनाई। इसमें सुखदेव नगर थाना प्रभारी रणधीर कुमार और लालपुर थाना प्रभारी शैलेश कुमार को शामिल किया गया। दोनों को रकीबुल और उसकी मां की फोटो के साथ दिल्ली भेजा गया। इससे पहले एसएसपी ने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर और ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर से सहयोग मांगा था। रांची के अफसर दिल्ली में इन अफसरों से मिले। फिर पुलिस कमिश्नर ने पुलिस अफसरों की टीम बनाई, जिन्हें सादे लिबास में एयरपोर्ट से गाजियाबाद सीमा तक तैनात कर दिया गया।

और ऐसे पकड़ा गया

रांची पुलिस ने बताया कि मंगलवार को कई टीवी चैनलों ने तारा सहदेव से लाइव फोनो की थी। इसी दौरान तारा ने चैनलों को रकीबुल के तीन मोबाइल नंबरों की जानकारी दी। चैनलों ने इन नंबरों पर संपर्क करना शुरू किया। एक नंबर पर बातचीत हो गई। बातचीत में रकीबुल ने चैनल को बताया कि वह जल्दी ही रांची जाकर सरेंडर करने वाला है। बातचीत के दौरान पुलिस को रकीबुल का मोबाइल लोकेशन मिल गया और पुलिस ने छापा मारकर मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद रकीबुल ने कुछ लोगों से फोन पर बात करने की इजाजत मांगी, लेकिन पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी।
स्त्रोत : दैनिक भास्कर

No comments:

Post a Comment